छात्राएं लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
छात्राएं लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

रविवार, 21 अगस्त 2011

नवादाः नवोदय विद्यालय से रैगिंग को लेकर असम के 15 छात्र फरार

-दिलीप कुमार गुप्ता-
 जवाहर नवोदय विद्यालय रेवार, पकरीबरावां में पढ़ाई कर रहे करीमगंज (आसाम) के 15 छात्र शनिवार की भोर में फरार हो गये। बाद में सभी छात्रों को शेखपुरा में गया-झाझा ट्रेन से बरामद किया गया। भागने वाले छात्रों की शिकायत थी कि विद्यालय में रैंगिंग व अपमान का सामना करना पड़ रहा था। वैसे विद्यालय प्राचार्य पीएस मिश्रा ने छात्रों के आरोपों को खारिज किया है। बताया जाता है कि सुबह करीब 4 बजे 15 छात्र विद्यालय करी चहारदीवारी फांद कर फरार हो गये। सभी वहां से पकरीबरावां बाजार पहुंचे। जहां से सुरक्षित वाहन से नवादा स्टेशन पहुंचे। स्टेशन से गया-झाझा ट्रेन पर सवार होकर सभी किउल जा रहे थे। रास्ते में शेखपुरा स्टेशन पर ट्रेन से छात्रों को उतारा गया। इस बाबत विद्यालय प्राचार्य श्रीमिश्रा ने बताया कि सुबह 5.45 पीटी के दौरान छात्रों के फरार होने की खबर मिली। भागने वाले छात्रों में जाफर शरीफ, समीर उद्दीन, मिर्नाको धर, एफसकले बारा, अब्बू ताहिर, रोलायन स्वीटिंग सहित सभी 9वें वर्ग के 15 छात्र शामिल थे। उन्होंने बताया कि माइग्रेशन के तहत आसाम से कुल 25 छात्र-छात्राएं पढ़ाई के लिये यहां आये थे। जिसमें 8 छात्राएं थी। घटना की जानकारी मिलते ही छह शिक्षकों को खोजबीन के लिये नवादा, शेखपुरा, जमुई के रेलवे स्टेशन पर लगाया। इसके साथ ही अन्य नवोदय विद्यालय को भी इसकी सूचना दी गयी। आखिरकार जवाहर नवोदय विद्यालय शेखपुरा के प्राचार्य जीएस तोमर ने सभी छात्रों को झाझा-गया पैसेंजर ट्रेन से शेखपुरा स्टेशन पर बरामद किया। इधर घटना की जानकारी मिलने पर अंचलाधिकारी जयराम प्रसाद सिंह, थानाध्यक्ष धनेश्वर पासवान सुबह 11 बजे विद्यालय पहुंचे और मामले की जांच की। विद्यालय में बचे आसाम के छात्र-छात्राओं से पूछताछ करने पर पता चला कि सीनियर छात्रों द्वारा रैगिंग करवाने, छात्राओं के साथ आपत्तिजनक टिप्पणी करने, शिक्षकों से शिकायत करने पर डांट लगाने से क्षुब्ध हो छात्र भागे। मीनू के अनुसार भोजन नहीं मिलने की शिकायत भी छात्रों ने की। कई छात्र-छात्राओं ने नाम नहीं छापने की शर्त पर अपनी समस्याओं को बताते हुए कहा कि प्राय: मात्र आलू की सब्जी मिलती है। मीट-मछली तो मिलती ही नहीं है। छात्रा तमन्ना बेगम, रूमाना प्रवीण, प्रियंका दत्ता, सोन्नैगंक, सुनीता धोबी, रूपन दास आदि ने अंचलाधिकारी से अपने गृह राज्य भेजने का आग्रह की है।

शुक्रवार, 19 अगस्त 2011

नवादा के डीएम दरबार में छात्राओं के साथ छेड़छाड़ का मामला गूंजा


नवादा जिला सभाकक्ष में गुरुवार को दरबार लगा डीएम डा. सफीना एएन ने लोगों की समस्याएं सुनी। कुल 120 मामले आये। जिसमें से कई का निष्पादन मौके पर किया गया, शेष को संबंधित अधिकारियों को जांच कर निष्पादित करने का निर्देश दिया गया। कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय, पकरीबरावां के संचालक मो. शमशेर आलम व उनके पुत्र मो.इमरान द्वारा विद्यालय के छात्राओं के साथ घृणित कार्य करने के प्रयास करने की शिकायत पर डीएम गंभीर हो गयी। उन्होंने जिला कल्याण पदाधिकारी को अविलंब जांच के आदेश दिये। पकरीबरावां के मोनू, पप्पू कुमार, जितेन्द्र कुमार, रामनरेश प्रसाद, प्रवीण कुमार आदि यह शिकायत लेकर डीएम के दरबार में पहुंचे थे। रोह प्रखंड के बघौर मध्य विद्यालय के शिक्षक रामअवतार सिंह के पुत्र अरविन्द कुमार ने अनुकम्पा के आधार पर नौकरी की मांग की। मेसकौर प्रखंड के पाण्डेय बिगहा के आलीम खां ने 9 अंक रहने के बावजूद इंदिरा आवास नहीं मिलने की शिकायत की। सिरदला खरांट के रामबालक प्रसाद ने तिलैया-कोडरमा रेलवे लाईन निर्माण के लिये अधिग्रहित भूमि का मुआवजा नहीं मिलने की शिकायत की। वारिसलीगंज नगर पंचायत के डा. सुरेश प्रसाद सिंह ने एपीएल व बीपीएल में नाम जोड़ने, वारिसलीगंज प्रखंड के सिमरी बिगहा के नन्द किशोर चौधरी ने दाखिल खारिज न होने, नरहट प्रखंड के उत्क्रमित मध्य विद्यालय वाजीतपुर के जयंत कुमार ने पांच वर्षो से मानदेय भुगतान नहीं होने की शिकायत की। मौके पर जनशिकायत पदाधिकारी अबू नसर, हरिनंदन प्रसाद, शिक्षा उपाधीक्षक शंभू प्रसाद, डा. उमेश चंद्रा आदि उपस्थित थे।
 -दिलीप कुमार गुप्ता

रविवार, 7 अगस्त 2011

दिल्ली के सर्वोदय बालिका विद्यालय में 14 छात्राएं शराब पीते हुए पकड़ी गईं

किरण विहार स्थित सर्वोदय बालिका विद्यालय परिसर में 14 छात्राएं शराब पीते हुए पकड़ी गईं हैं। 12वीं की कुछ छात्राएं स्कूल परिसर में पार्टी करने जा रही थी। ये पार्टी रविवार को फ्रैंडशिप डे से पहले आयोजित हो रही थी। इस जश्न के लिए  छात्राएं शराब की बोतलें स्कूल में ले आई।
स्कूल रीसेस के दौरान इन 14 छात्राएं स्कूल के एक कोने में शराब की बोतल, प्लास्टिक के गिलास व नमकीन लेकर बैठ गई। जब उन्होंने शराब पीना शुरू ही किया तभी एक अन्य छात्रा ने उन्हें ऐसा करते देख लिया और एक शिक्षक को इसकी जानकारी दे दी।
स्कूल के शिक्षक जब मौके पर पहुंचे तो छात्राओं ने बोतल छिपाने का प्रयास किया, मगर बोतल और गिलास बरामद हो गए। सभी छात्राओं ने स्वीकारा कि फ्रेंडशिप पार्टी के जश्न में शराब पी रहीं थीं।
स्कूल प्रशासन ने तुरंत मामले की सूचना छात्राओं के परिजनों को दी। स्कूल पहुंचे कुछ परिजन इतने गुस्से में थे कि उन्होंने वही पर अपनी बेटियों को पीटना शुरू कर दिया और स्कूल शिक्षकों से अपनी तरफ से माफी भी मांगी।